- वर्ष 2019 में 1062 केस के सापेक्ष वर्ष 2020 में 1121 केस सामने आए
- प्रति वर्ष किन्नर भी हो रहे एड्स बीमारी के शिकार
मथुरा। मथुरा जनपद में एचआईवी पॉजिटिव मरीजों की संख्या थमने की बजाय दिन ब दिन बढती जा रही है। जहां पिछले वर्ष 2019 में 1062 एड्स पीड़ित थे। इसके सापेक्ष वर्ष 2020 में मरीजों की संख्या बढकर 1121 हो गई है।
मथुरा के जिला अस्पताल में बने एचआईवी विभाग के आंकड़े चौकाने वाले सामने आए हैं। विभाग के अनुसार एचआईवी पीड़ितों के केस में कमी के लिए जागरुकता अभियान चलाए जाने और मरीजों को समय रहते उपचार करने की परामर्श दिया जा रह है। इसके बावजूद 2019 में 1062 एचआईवी पीड़ित थे। जिनमें 552 पुरुष, 436 महिलाएं, 10 किन्नर, 44 लड़के, 20 लड़कियां थीं। लेकिन, 2020 के अगस्त माह तक के आंकड़ों में एचआईवी पीड़ितों की बढ़ोतरी हुई है। इनमें 615 पुरुष, 480 महिला, 12 किन्नर एवं 64 बच्चे एचआईवी पीड़ित मिले हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के पास आंकड़े सिर्फ उन लोगों के हैं जो एचआईवी पॉजिटिव जनपद के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवा ले रहे हैं। जब कि मथुरा जिले के ऐसे भी मरीज हो सकते हैं जो कि पड़ौसी राज्य एवं जनपदों में एड्स का उपचार करा रहे होंगे। ऐसे मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है।
एचआईवी के काउंसलर डॉ विवेक अग्रवाल ने बताया है कि प्रतिवर्ष एचआईवी पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। जबकि मरीजों के अलावा सभी को एचआईवी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं, जागरुकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।