Tuesday, April 22, 2025
Homeन्यूज़बृज के देवी मंदिर जयकारों से हुए गुंजायमान, कहीें सजे फूलों के...

बृज के देवी मंदिर जयकारों से हुए गुंजायमान, कहीें सजे फूलों के बंगले, तो कहीं लगे छप्पन भोग

मथुरा। भगवान कृष्ण की लीला स्थली ब्रज के विभिन्न क्षेत्रों के देवी मंदिरों में भक्तों ने पूर्ण आस्था और विश्वास के साथ पूजन किया गया। मंदिरों में फूलों के बंगले सजाए गए। छप्पन भोग लगाए गए। मथुरा, वृंदावन, कोसीकलां, बरसाना के देवी मंदिरों में कोविड-19 को लेकर गृह मंत्रालय की गाइड लाइन का पालन करते हुए पूजन किया गया।

कंकाली देवी मंदिर में सजा भव्य पुष्प बंगला, जयकारों से गूंजा मंदिर

मथुरा। कंकाली देवी मदिर में भक्त मंडल द्वारा फूल बंगला सजाया गया। देवी के भजनों के बीच भक्तों ने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए पूजा अर्चना की। विद्युत रोशनियों से सजे धजे मंदिर में देवी मां के शोभायमान दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ देर शाम तक लगी रही।

मंदिर के सुनील पुजारी ने बताया कि यह फूल बंगला शरद नवरात्रि के मौके पर अष्टमी के दिन सभी भक्तों ने मिलकर सजाया है। नवरात्रि में होने वाली विशेष पूजा और धार्मिक परंपराओं का निर्वाह किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कंकाली माता योगमाया का ही स्वरूप है। मान्यता है कि कंकाली देवी का मंदिर उसी स्थान पर स्थापित है जहां मां यशोदा की पुत्री योगमाया को कंस ने मारने का कुत्सित प्रयास किया था और तभी वह पुत्री योग माया के रूप में प्रकट हुई। तभी से इस स्थान को मां योगमाया और कंकाली के रूप में जाना जाता है।

वहीं नवरात्रि की नवमी पर घर-घर कन्या, लागुराओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया। लोगों ने पहले देवी पूजन करने के पश्चात नन्हें बालक और बालिकाओं अपने घर पर पूर्ण श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण कराया।

वृंदावन के देवी मंदिरों मेंं लगे छप्पन भाग, सजे बंगला, हुए हवन,

वृंदावन। मंदिरों की नगरी वृंदावन के सुप्रसिद्ध कात्यायनी देवी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में पुष्प बंगला सजाए गए। देवी भक्तों ने कोरोना काल के बीच पूर्ण आस्था के साथ देवी पूजन किया और मंदिर में हुए धार्मिक अयोजनों में भाग लिया।
कात्यायनी देवी मंदिर में देशी-विदेशी पुष्पों से फूलों का बंगला सजाया गया। पुजारियों द्वारा देवी का प्रात: श्रृंगार किया गया। नवीन पोशाक धारण कराई। मंदिर में पंडितों ने हवन कर मां दुर्गा का आह़्वान किया। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मुंह पर मास्क लगाकर सैकड़ों भक्त कात्यायनी देवी के दर्शन करने आए। वहीं चामुण्डा देवी मंदिर में छप्पन भोग लगाए गए और हवन किया गया। शाम को मंदिर को पुष्पों से सजाया गया। इसके अलावा कृष्ण काली पीठ देवी मंदिर, बंग्लामुखी देवी मंदिर, काली देवी मंदिर, पाताल देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों मेंं भी देवी की विशेष पूजा अर्चना की गई।

शीतला माता मंदिर में पिछले 11 वर्ष से सज रहा पुष्प बंगला

बरसाना। परिक्रमा मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर में भक्तों द्वारा पुष्प बंगला सजाया गया। शाम को देवी के छप्पन भोग लगाए गए। बरसाना की महिलाओं, बालिकाओं ने पूर्ण आस्था के साथ शीतला माता का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने माता का भक्ति संगीत के मध्य गुणगान भी किया और अपने अपने बच्चों पर अपने परिवार की सुख शांति के लिए मनोकामना की। राहुल गौड एवं हेमंत राजपूत ने बताया कि मंदिर में नवरात्रि के अवसर पर छप्पन भोग व फूल बंगला का आयोजन लगभग 11 वर्षों से लगातार बरसानावासियों के सहयोग से किया जाता है।

दुर्गा नवमी पर देवी मंदिरो में भक्तों ने की विशेष पूजा

कोसीकलां। शारदीय नवरात्रि की नवमी पर कैलादेवी, कालका, पथवारी देवी मंदिरों पर श्रद्धा का जन सैलाब दिखाई दिया। मंदिरों पर पूजा करने आने वाले भक्त माता की प्रतिमा पर फल फूल, नारीयल, रोली, चावल के साथ भक्तिभाव के साथ पूजन किया। मंदिरों के बाहर शांति व्यवस्था के मुद्देनजर पुलिसकर्मी तैनात किए गए।

वहीं गोमतीसरोवर स्थित प्रमुख बालाजी मंदिर पर दशहरा एवं दुर्गानवमी पर्व के उपलक्ष्य में बालाजी महाराज की विशेष पूजा अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर में आने वाले दूर दराज के श्रद्धालुओं ने मंदिर में विराजमान श्रीराम दरबार, एवं बालाजी महाराज के दर्शन किये।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments