नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों का आंकड़ा 79 लाख के पार हो गया है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 45 हजार 149 से ज्यादा नए मरीज मिले और 480 संक्रमित अपनी जान गवां चुके हैं। अब तक कोरोना से 79 लाख 9 हजार 960 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 71 लाख 37 हजार 229 लोग ठीक भी हो चुके हैं, जबकि अब तक 1 लाख 19 हजार 14 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 6 लाख 53 हजार 717 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय से मिले आंकड़ों के अनुसार देश के 14 राज्य और केंद्र शासित राज्यों में कोरोना से होने वाली मौत की दर 1% से भी कम है। सबसे ज्यादा 3.14% डेथ रेट पंजाब और 2.63% महाराष्ट्र का है। मिजोरम देश का पहला ऐसा राज्य है जहां कोरोना से अब तक कोई मौत नहीं हुई है। यहां अब तक 2,447 लोग संक्रमित हो चुके हैं, लेकिन सरकार ने काफी हद तक संक्रमण को काबू किया है।
कितना है रिकवरी रेट?
पिछले 5 दिनों में रिकवरी रेट में 2% का इजाफा हुआ है। 19 अक्टूबर को 87% रिकवरी रेट था, जो अब बढ़कर 89.74% हो गया है। पिछले 3 दिनों में एक्टिव केस (ऐसे मरीजों की संख्या जिनका अभी इलाज चल रहा है) में भी 58 हजार की कमी देखी गई है। देश में अभी 16 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे हैं, जहां एक्टिव केस 5 हजार से कम हो गए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, पुडुचेरी, गोवा, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, लद्दाख और चंडीगढ़ में भी एक्टिव केस की संख्या कम है।