मथुरा। सुरीर क्षेत्र में सोमवार रात मांट नौहझील मार्ग पर टैंटीगांव के समीप मैक्स पिकअप गाड़ी सड़क पर खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली में टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार तीन लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। मैक्स पिकअप सवार हरियाणा से लगुन सगाई चढ़ाकर मांट लौट रहे थे। घटना के बाद मांट और टैंटीगांव के बीच जाम लग गया। घायलों को वृंदावन के संयुक्त अस्पताल रेफर किया गया है। जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार मांट निवासी सियाराम की पुत्री की लगन सगाई चढ़ाकर करीब 25 लोग मैक्स पिकअप गाड़ी से वापस आ रहे थे। इस बीच टैंटीगांव अंडरपास पुल के समीप सड़क किनारे खड़ी ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली से मैक्स पिकअप टकरा गई। घटना में मैक्स सवार लोग घायल हो गए।
सूचना पाकर घटना स्थल पर पुलिस पहुंच गई और घायलों को मांट सीएससी पर भेज दिया। यहां पर तीन लोगों की मौत हो गई। इंस्पेक्टर सुरीर महाराज सिंह भाटी ने बताया कि हादसे में रामू, यादराम और रज्जो की मौत हो गई है।
हालत गंभीर होने पर घायलों को जिला अस्पताल और संयुक्त अस्पताल वृंदावन रेफर किया गया। उधर, हादसे के बाद सड़क पर दो किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका।