आगरा। छेड़छाड़ से परेशान तीन सहेलियों ने अपने मां-बाप को बताया। लेकिन, उन्होंने किशोरियों को चुप रहने को कहा तो तीनों सहेलियों ने घर छोड़ दिया। गौतमबुद्धनगर से बस द्वारा आगरा पहुंची सहेलियों को पुलिस ने संजय प्लेस में रात में घूमते देखा। पुलिस ने शक होने पर पूछताछ की तो सारी बात सामने आई। इस पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उनके परिजनों को सूचना दी। देर रात परिजन थाने आकर तीनों को घर ले गए। परिजन पुलिस के सामने आगे किशोरियों की बातों को नजरंदाज न करने की बात कहकर गए।
गौतमबुद्ध नगर की रहने वाली 13 वर्षीय तीन किशोरी कक्षा आठ में पढ़ती हैं। एक के पिता ट्रक चालक, दूसरे के पिता फोटोग्राफर और तीसरे के पिता डेयरी में कर्मचारी हैं। तीनों किशोरी कोचिंग पढ़ने जाती हैं। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल के मुताबिक, किशोरियों ने बताया कि उनका कुछ युवक पीछा करते हैं। उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं। अब उनकी हरकत ज्यादा बढ़ गई हैं। इस कारण वह परेशान थीं।
गुरुवार सुबह कोचिंग पढ़ने जाने से पहले परिजनों को छेड़छाड़ के बारे में बताया। मगर, परिजनों ने किशोरियों को ही समझाना शुरू कर दिया। उनसे शिकायत नहीं करने की कहने लगे। किशोरियों के विरोध करने पर डांट दिया। इससे तीनों नाराज हो गईं। वह सुबह 11 बजे कोचिंग के लिए घर से निकल गईं। इसके बाद बस में बैठकर आगरा आ गईं। दोपहर दो बजे आगरा आने के बाद घूमने लगी। संजय प्लेस में घूमती रहीं, बाद में उनके पास रुपये खत्म हो गए। इस पर भटकने लगीं। रात तकरीबन आठ बजे उन्हें पुलिस ने देख लिया, इस पर पूछताछ की। जब उन्होंने अपना पता गौतमबुद्ध नगर बताया तो पुलिस थाने ले आईं। उन्होंने पूछताछ में सारी बात बता दी। बाद में उनके परिजनों से संपर्क किया। रात में एक बजे परिजन आ गए। दो बजे तीनों को अपने साथ लेकर चले गए।