नई दिल्ली। देश में चलाए जा रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या 10 लाख के पार हो गई है। देश में टीकाकरण की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए एक व्यक्ति को दो बार वैक्सीनेशन किया जाएगा।
सीरम की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सीन को मंजूरी मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 22 जनवरी 2021, सुबह सात बजे तक लगभग 10.5 लाख लोगों का कोरोना टीकाकरण हो चुका है। पिछले 24 घंटे के दौरान 4,049 सेशन में दो लाख 37 हजार 050 लोगों का टीकाकरण हुआ। अब तक कुल 18,167 सत्रों का आयोजन हुआ है। कर्नाटक में सबसे ज्यादा एक लाख 38 हजार 807 लोगों का टीकाकारण हुआ है।
कर्नाटक के बाद आंध्र प्रदेश में 1,15,365, ओडिशा में 1,13,623, तेलंगाना में 97,087, बिहार में 63,541, पश्चिम बंगाल में 53,988, महाराष्ट्र में 52,393, हरियाणा में 45,893, तमिलनाडु में 42,947, मध्य प्रदेश में 38,278, केरल में 35,173, गुजरात में 34,865, राजस्थान में 32,379, उत्तर प्रदेश में 22,644, छत्तीसगढ़ में 22,171, दिल्ली में 18,844 और पंजाब में 12,532 लोगों का टीकाकरण हुआ है।