अरुण यादव
वृंदावन। वृंदावन में 16 फरवरी से यमुना किनारे लगने वाले कुम्भ मेला की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा द्वारा शनिवार को कुम्भ मेला क्षेत्र एवं यमुना किनाने पक्के घाटों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जल निगम के कार्यों में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। निरीक्षण के बाद ऊर्जा मंत्री ने डीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र में बैठक की। जिसमें सन्त, धर्माचार्य एवं निगम पार्षद आदि भी मौजूद रहे।
बैठक में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कुम्भ मेला को लेकर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति जानी और उन्हें निर्देश दिए कि 10 फरवरी तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री वृंदावन आ रहे हैं। उससे पूर्व ही कार्य पूर्ण हो जाएंगे।
कुम्भ मेला को भव्य व ईको फ्रेंडली बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही बताया कि यमुना में गिर रहे नालों के गंदे पानी को रोकने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
किसान आंदोलन पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को आर्थिक स्वावलंबी बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन कुछ ऐसे दल जिनका अस्तित्व खतरे में है वो राजनीति कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।