मथुरा। शनिवार को मथुरा में योगीराज श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। मुस्लिम, सिख, ईसाई धर्म स्थलों के प्रमुख पदाधिकारियों ने एक साथ अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि में बनने जा रहे भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष कमलकान्त उपमन्यु के निवास सहयोग राशि संघ के प्रचारक को समर्पित की है। वहीं स्पेशल डीजीसी पॉक्सो अलका उपमन्यु के द्वारा एक लाख 31 हजार की धनराशि विभाग प्रचारक गोविन्दजी, अभियान प्रमुख अमित जैन को समर्पित की।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान मथुरा के तत्वावधान में राम मंदिर के लिए निधि समर्पण का अभियान जारी है। अभियान के अंतर्गत शनिवार को राष्ट्रीय यूनियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव, बृज प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु एवं स्पेशल डीजीसी पॉक्सो अलका उपमन्यु के छावनी परिषद क्षेत्र स्थित निवास पर सभी धर्मों के लोगों ने राष्ट्रीय स्वयं संघ एवं विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों को एक साथ राममंदिर निर्माण के लिए धनराशि समर्पण की। कमलकांत उपमन्यु की पत्नी स्पेशल डीजीसी पॉक्सो अलका उपमन्यु के द्वारा एक लाख 31 हजार की धनराशि विभाग प्रचारक गोविन्दजी, अभियान प्रमुख अमित जैन को समर्पित की।
शाही मस्जिद ईदगाह ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष प्रोफेसर जेड हसन, मथुरा गुरुद्वारा के अध्यक्ष मलिक अरोड़ा, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजू पंडित, ईसाइ समाज के ए.के. मसीह, सिंधी वैलफेयर फाउन्डेशन की अनीता चावला एवं परवेज अहमद द्वारा राम मंदिर के लिए धनराशि समर्पित की गई।
ईदगाह ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. जेड हसन ने कहा कि श्रीराम सबके हैं। हमें उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए। राजनेताओं को देश में रामराज्य लान का सतत प्रयास करना चाहिए, जिससे हम सबके बीच में से नफरत मिटे और भाई चारा बढ़े। जिससे विश्व में हमारा देश एकता की मिसाल व विश्व गुरू बने।
हिन्दूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुुर्वेदी ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि आज यहां सभी धर्मों के लोग एक मंच पर आए और श्रीराम मंदिर के लिए दिल खोलकर समर्पण किया। इससे सर्व समाज के समाने सामाजिक सद्भाव का संदेश इस कान्हा की नगरी से जाएगा। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष मलिक अरोड़ा ने राम राष्ट्र के आदर्श हैं हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र को मजबूत करना चाहिए।
विभाग प्रचारक गोविन्दजी ने कहा कि सभी धर्मों के प्रमुख लोगों ने मंदिर के लिए जो धनराशि समर्पित की है इसने ब्रजभूमि से बड़ा संदेश दिया है। यह राम मंदिर भारत की शक्ति एकता और खण्डता का प्रतीक है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर प्रचारक मयंक साधू, डा. कमल कौशिक, पार्षद मदनमोहन श्रीवास्तव, भाजपा नेता ठा. प्रकाश सिंह, महेश काजू, विजय पार्षद, अधिवक्ता परिषद के प्रमुख पूर्व बार के उपाध्यक्ष एडीजीसी सिविल ब्रजेन्द्र वैदिक, सुरेश शर्मा, सिविल के डीजीसी संजय गौड़, मुकेश शर्मा, अनन्त सिंह, हरीश मुदगल आदि उपस्थित थे।