Monday, April 21, 2025
Homeजुर्मगोवर्धन में तेल के खेल का भंडाफोड़, अवैध रुप से चल रहा...

गोवर्धन में तेल के खेल का भंडाफोड़, अवैध रुप से चल रहा था पेट्रोल पंप, संचालक भागा

गोवर्धन। गोवर्धन में पेट्रोलियम तेल का बड़ा खेल सामने आया है। जो कि पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। लंबे समय से चल रहे अवैध पेट्रोल पंप का भंडाफोड़ गोवर्धन एसडीएम राहुल यादव ने किया। छापामार कार्रवाई में नगला गांठोली समीप से पेट्रोल पंप मशीन, पेट्रोल और डीजल से भरे भूमिगत दो टेंक जब्त किए गए। पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारी फरार हो गए। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी यह पता करने में लगे हैं कि बड़े पैमाने पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति कहां से किसके द्वारा की जा रही थी।

उपजिलाधिकारी राहुल यादव को सूचना मिली कि नगला गांठोली के समीप संचालित पैट्रोल पंप बिना किसी अनुमति के संचालित किया जा रहा है। एसडीएम ने नायव तहसीलदार विजय श्याम के निर्देशन में आपूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार वर्मा, एआरओ विजय शंकर वर्मा, क्षेत्राधिकारी वन ब्रजेश सिंह परमार को टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजा। प्रशासन के अधिकारियों को देख पंप कर्मी भागने लगे। वहां लगी डिस्पेंशरी मशीन को उखाड़ कर नजदीक मुर्गी पालन सेंटर पर डालकर भाग गए। आसपास पता करने पर भी संचालक की जानकारी नहीं हुई। नायव तहसीलदार ने जमीन मालिक के खिलाफ मुकदमा करने की धमकी दे दी। लेखपाल महेंद्र कुमार ने जमीन मालिक की जानकारी कर ठाकुर लाल निवासी नगला गांठोली को बुलवा लिया।


55 हजार रूपए प्रति माह किराए पर ली थी जमीन

ठाकुर लाल ने बताया कि उससे बलवीर निवासी रसूलपुर थाना मगोर्रा और एक पंडित ने 55 हजार रूपए प्रति महीना जमीन एक महीने पूर्व किराए पर ली थी। बलवीर की करीब 15 दिन पूर्व मौत हो जाने के कारण एग्रीमेंट नहीं हो पाया था। जोकि अब सोमवार को होना निश्चित हुआ था। शनिवार को तेल का टैंकर भी आया था। नायव तहसीलदार विजय श्याम ने बताया कि तेल के टैंक को सीज कर दिया गया है। अनुमानत: 10 से 15 हजार लीटर पेट्रोलियम पदार्थ मिला है। जिसे संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। चूंकि इसमें वन विभाग की जमीन का प्रयोग किया गया है। आपूर्ति निरीक्षक और क्षेत्राधिकारी वन द्वारा गोवर्धन थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।

आखिर इस खेल में तेल कहां से आ रहा था

पैट्रोप पंप का एक डीलर कोड होता है। जिसके माध्यम से पैसा भिजवाकर आर्डर लगाया जाता है। तब कंपनी पैट्रोल पंप पर तेल भिजवाती है। जब उक्त पैट्रोल पंप बिना अनुमति के ही संचालित था, तो फिर इस पंप पर आखिर पैट्रोल डीजल कहां से मंगाया जा रहा था। इस तेल के खेल के पीछे आखिर कौन है। प्रशासन को इसकी भी जानकारी करनी चाहिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments