वृन्दावन। नगरनिगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विदेशी महिला द्वारा महिला दारोगा से हाथापाई करने पर हड़कंप मच गया है। भारी ऊहापोह के बाद विदेशी महिला के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को नगरनिगम प्रशासन द्वारा यमुना किनारे बिहारघाट से चीरघाट तक अस्थायी निर्माण ढहाये जा रहे थे। उसी दौरान चीरघाट पर अस्थायी रूप से बनायी गयी बांस की कुटिया को जब निगमकर्मी खाली कराने लगे। तो वहाँ मौजूद एक विदेशी महिला ने कुटिया हटाने का विरोध करते हुए अपनी बुलेट आगे अड़ा दी।
टीम के साथ मौजूद महिला उपनिरीक्षक ऋतु सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों ने विदेशी महिला को हटाने का प्रयास किया तो महिला आगबबूला हो गयी। गुस्साई महिला ने महिला दारोगा के साथ हाथापाई कर दी। जिससे वहां हड़कंप मच गया। महिला पुलिसकर्मियों ने तत्काल महिला को गिरफ्तार कर लिया है और सारे घटनाक्रम से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया। महिला को कोतवाली लाया गया। एलआईयू की टीम भी कोतवाली पहुंच गयी।
क्षेत्राधिकारी सदर ने महिला से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने का प्रयास किया। मामला विदेशी महिला से जुड़ा होने के कारण देररात तक असमंजस की स्थिति बनी रही। इधर महिला उपनिरीक्षक भी कार्यवाही के लिये डटी रही। देर रात महिला दरोगा का मेडिकल करा कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला उपनिरीक्षक की तहरीर पर केलोफोर्निया अमेरिका निवासी रेवेका उर्फ राधा दासी समेत तीन नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।