Thursday, October 3, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़यमुना का जलस्तर बढ़ने से मथुरा में कालोनियों में घुसा पानी, लोगों...

यमुना का जलस्तर बढ़ने से मथुरा में कालोनियों में घुसा पानी, लोगों ने छतों पर जमाया डेरा


मथुरा। मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर तेजी के साथ बढ़ रहा है। यमुना के तटवर्ती निचले इलाकों में पानी पहुंच गया है। यमुना खादर में बसीं कालोनियों में पानी आने से लोगों ने छतों पर डेरा डाल लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वे दिल्ली के ओखला बैराज से छोड़े जाने वाले पानी पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। यमुना का जलस्तर अभी खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है। इसक बावजूद सिंचाई विभाग को पूरी तरह से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यमुना का जलस्तर बढ़ने से खादर के इलाकों में अवैध रूप से बसाई गईं कालोनियों में खलबली मची हुई है। वहां के निवासी छतों तथा अपेक्षाकृत ऊंचे इलाकों में आश्रय पाने के लिए विवश हो गए हैं। जिला प्रशासन भी उनकी इस स्थिति का लगातार आकलन कर रहा है तथा बाढ़ चैकियों को पूरी तरह सतर्क बने रहने को कहा गया है।
यमुना में उफान के कारण वृंदावन में एक ओर जहां परिक्रमा मार्ग एवं कुम्भ बैठक मेला क्षेत्र जलमग्न होने लगा है, वहीं खादर क्षेत्र में स्थित रशियन बिल्डिंग के आसपास की कालोनियों में पानी भर गया है। देवराहा बाबा घाट, केसी घाट और कुम्भ बैठक मेला क्षेत्र पूरी तरह डूब गया है। इससे इलाके के लोगों की धड़कनें बढ़ गईं हैं।

पिछले दिनों दिल्ली के ओखला बैराज से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा जिले में यमुना का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। जिले में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से करीब एक मीटर नीचे है। इसके चलते सोमवार को बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में पहुंच गया है। हथिनी कुंड 159000 की से पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा के गोकुल बैराज पर 45011 क्यूसेक पानी पहुंचा। फ्री फ्लो के लिए सभी गोकुल बैराज के सभी गेटों को खोला गया।

यमुना का जलस्तर बढ़ने से मथुरा और वृन्दावन में सभी घाट जलमग्न हो गए। मथुरा के विश्राम घाट स्थित बाढ़ सूचकांक पर यमुना चेतावनी बिंदु 165.20 मीटर के निकट तक पहुंच चुकी है। रात में यदि दिल्ली की ओर से और अधिक पानी आया तो यह पार भी हो सकता है।

एडीएम वित्त एवं राजस्व ब्रजेश कुमार ने बताया कि यमुना का जलस्तर अभी चेतावनी स्तर तक भी नहीं पहुंचा है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। ओखला बैराज से छोड़े जाने वाले पानी पर लगातार नजर रख रहे हैं। सिंचाई विभाग को अलर्ट किया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments