एक ही गांव के दो प्रेमियों का विरोध के चलते गांव से भाग जाना गुनाह हो गया। युवती के परिजन दोनों को बहला-फुसलाकर दिल्ली से ले आए और उनकी हत्या करने के बाद यमुना में शव फेंक दिए। मामला तब खुला जब लड़की के पिता को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया। पिता ने पुलिस को जब घटनाक्रम बताया तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस अब दोनों के शव यमुना में गोताखोरों की मदद से तलाश कर रही है।
मामला सिरसागंज के जहांगीरपुर का है। गांव के उत्तम (20) पुत्र सुघर सिंह यादव और नेहा (19) पुत्र देवीराम यादव पड़ोसी थे। दोनों में प्रेम संबध बन गए। कई बार दोनों को साथ पकड़ा गया। युवती के परिवार ने मेलजोल पर रोक के लिए उत्तम और उसके परिवार से कहा था। हंगामा भी हुआ था। 31 जुलाई को दोनों अचानक लापता हो गए। दोनों के परिवार उन्हें खोजने में जुटे थे।
10 अगस्त को उत्तम के पिता सुघर सिंह ने थाना सिरसागंज में अपने बेटे की गुमशुदगी की बात बताई। इसके बाद 12 अगस्त को अपहरण की आशंका का मुकदमा दर्ज कराते हुए नेहा के पिता देवीराम पुत्र लाला राम, उसके भाई शिवराज, गांव के श्याम बिहारी पुत्र अनवर सिंह, रोहित पुत्र श्याम बिहारी, राहुल पुत्र राकेश, अमन उर्फ मोनू पुत्र नेत्रपाल, चालक गुंजन निवासी कुतुकपुर को नामजद कराया था।
पुलिस ने युगल की खोजबीन करते समय शक के आधार पर नेहा के पिता देवीराम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने कबूल किया कि उत्तम और नेहा को उसने दिल्ली में पकड़ा था और दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सहयोगियों की मदद से शवों को नौरंगी घाट यमुना में फेंक दिया था। इस कबूलनामे के बाद सिरसागंज पुलिस अब आगरा पुलिस की मदद से नौरंगी घाट पर स्टीमर से यमुना में प्रेमी युगल के शव तलाशने में जुटी है।
पुलिस हिरासत में नेहा के पिता देवीराम ने कबूल किया कि उसकी बेटी पड़ोसी उत्तम के साथ भागी थी। इससे वह गुस्से में था। इसीलिए उसने एक और दो अगस्त की रात दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी थी और उनके शव नौरंगी घाट पर यमुना में फेंक दिए थे। पिता ने पुलिस के आगे कबूल किया कि जब उत्तम और उसकी बेटी भागकर गए तो वो किसी तरह पता लगाते हुए दिल्ली पहुंचा और दोनों को पकड़ा। इसके बाद चुपचाप लेकर आए और दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
सीओ कमलेश कुमार, एसओ प्रवींद्र कुमार ने आगरा पुलिस की मदद ली और आगरा से स्टीमर मंगाया। पीएसी के गोताखोर भी इसमें जुटे हैं ताकि यमुना में शवों को खोजा जा सके। एसपी देहात अखिलेश नारायण के अनुसार जहांगीरपुर गांव में प्रेमी युगल की हत्या कर शव यमुना में फेंकने की बात युवती के पिता ने कबूली है। स्टीमर से पीएसी के गोताखोर शवों की तलाश में जुटे हैं।