मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय के तीसरा दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर शिक्षा पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई। साथ ही अपनी कक्षाओं में विशेष योग्यता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक थे, जबकि सम्मानित अतिथियों के रूप में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और उप्र उच्च शिक्षा समिति के चेयरमैन डा(प्रो) गिरीश चंद्र त्रिपाठी मौजूद थे। डिग्रियां और पदक पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
यह दीक्षांत समारोह इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गया क्योंकि इसमें सत्र 2020 और 2021 दोनों के विद्यार्थी शामिल हुए। बताते चले की सत्र 2020 का दीक्षांत समारोह कोरोना जनित कठिनाइयों के चलते नहीं हो पाया था। वर्ष 2020 के शिक्षण सत्र में अपने विषय में सर्वोच्च अंक पाने वाले 31 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, द्वितीय स्थान पाने वाले 28 विद्यार्थियों को रजत तथा तीसरा स्थान पाने वाले 25 विद्यार्थियों को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2021 के शिक्षण सत्र में अपने विषय में सर्वोच्च अंक पाने वाले 39 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, द्वितीय स्थान पाने 36 विद्यार्थियों को रजत पदक तथा तीसरा स्थान पाने वाले 28 विद्यार्थियों को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।