छात्र-छात्राओं ने लिया पर्यावरण बचाने, पेड़ लगाने का संकल्प
मथुरा। के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल के छात्र-छात्राओं ने हर्षोल्लास के बीच पौधरोपण कर पृथ्वी दिवस मनाया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण बचाने, पेड़ लगाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर डीन और प्राचार्य डॉ. मनेष लाहौरी ने छात्र-छात्राओं को बिगड़ते पर्यावरण को बचाने के उपाय बताए।
डॉ. लाहौरी ने कहा कि बिगड़ते पर्यावरण पर सीनेटर गेलॉर्ड नेल्सन की सोच का उद्देश्य पर्यावरण के मुद्दों के बारे में जन जागरूकता बढ़ाना था। पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवन शैली को अपनाने और प्राकृतिक दुनिया पर प्रतिकूल मानव प्रभाव को कम करने या समाप्त करने के लिए ही पृथ्वी दिवस शुरू हुआ। डॉ. लाहौरी ने कहा कि पर्यावरणीय गिरावट और जलवायु परिवर्तन से यदि नहीं निपटा गया, तो इसका राष्ट्रीय और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

डॉ. लाहौरी ने कहा कि कुछ व्यक्तियों नहीं बल्कि दुनिया भर के व्यक्तियों, संगठनों को सामूहिक रूप से जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने तथा अपनी प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में काम करने की जरूरत है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि आइए हम सभी स्थायी जीवन की दिशा में एक साहसिक कदम उठाने का संकल्प लें। पर्यावरण को बचाने के लिए पेड़ लगाएं और उनकी सुरक्षा भी करें।
पृथ्वी दिवस पर छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण करने के साथ ही पर्यावरण को कैसे सुधारा जा सकता है, उस पर भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। छात्र-छात्राओं के साथ ही डॉ. मनेष लाहौरी, डॉ. विनय मोहन, डॉ. सुनील, डॉ. शैलेंद्र चौहान, डॉ. नवप्रीत, डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया तथा प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया आदि ने पौधरोपण किया।