- सांसद हेमा मालिनी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की मांग
- अडींग, ओल, नौहझील, पैगांव, सोनई तथा मांट प्रस्ताव में शामिल
- बडी ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत बनाने से विकास को लगेंगे पंख
मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने जनपद की छह ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत का दर्जा प्रदान किए जाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने इसमें गोवर्धन तहसील की अड़ींग व ओल, मांट से नौहझील,छाता से पैगांव, बलदेव की सोनई तथा मांट को नगर पंचायत बनाने का आग्रह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किया है।
मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि संसदीय क्षेत्र मथुरा भगवान कृष्ण की लीला व क्रीडा भूमि है। इसीलिए समूचे विश्व के आकर्षण का केन्द्र है। यहां करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। इससे अनेक स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलता है। सरकार इस दिशा में स्वयं प्रगतिशील है। बढ़ते तीर्थाटन के मद्देनजर बृहद जनसंख्या वाली एवं धार्मिक स्थलों के नजदीकी ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत बनाने से सरकार की तीर्थ विकास की सोच को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कोई भी श्रद्धालु आता है तो वह तीर्थ स्थलों के निकट के स्थलों से भी रूबरू होता है। इसलिए विकास उन स्थानों पर भी होना चाहिए। उन्हें भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रतिनिधि दिलीप कुमार यादव ने अवगत कराया कि गोवर्धन क्षेत्र की अड़ींग और ओल को नगर पंचायत बनाने की मांग तीन दशक से की जा रही है। पूर्व में तत्कालीन विधायकों ने विधानसभा में भी सवाल उठाए । बड़ी ग्राम पंचायतों के बेहतर संचालन के लिए संसाधन भी चाहिए जोकि ग्राम पंचायतों के पास नहीं हैं। कयी पंचायत एक से डेढ़ किलोमीटर में फैली हैं और साफ सफाई के लिए तीन चार लोग भी नहीं होते। आदमी हों तो संसाधन नहीं होते। उन्होंने सांसद महोदया का आभार जताया कि उन्होंने ग्रामीण विकास के मुद्दे को गंभीरता से लिया है व सतत रूप से परस्यू करने का आश्वासन दिया है।