Wednesday, March 12, 2025
HomeUncategorizedनैतिकता के अभाव में मनुष्यता का आकलन असम्भववंचितों की शिक्षा को समर्पित...

नैतिकता के अभाव में मनुष्यता का आकलन असम्भववंचितों की शिक्षा को समर्पित रेणुका गोस्वामी सम्मानितके.डी. डेंटल कॉलेज की छात्राओं को दी ‘सूत्र’, ‘स्तोत्र’ और ‘शास्त्र’ की सीख


मथुरा। नैतिक मूल्य मानव को परिपूर्णता प्रदान कर उसे ईश्वरीय रचनाओं में श्रेष्ठ बनाते हैं परंतु आधुनिकता के नाम पर इन मूल्यों का निरंतर अवमूल्यन होता जा रहा है। बढ़ते भौतिकतावाद में नैतिकता घुट-घुटकर सांसें ले रही है। यह स्थिति तब है जब नैतिकता को मानव समाज के अभिन्न अंग के रूप में मान्यता मिली है। नैतिकता के अभाव में मनुष्यता का आकलन सम्भव ही नहीं असम्भव है। यह सारगर्भित बातें वंचित बच्चों की शिक्षा तथा ‘सूत्र’, ‘स्तोत्र’ और ‘शास्त्र’ को समर्पित रेणुका गोस्वामी ने के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की छात्राओं को बताईं।
हर घर में शास्त्र लाने को प्रतिबद्ध रेणुका गोस्वामी को डीन और प्राचार्य डॉ. मनेश लाहौरी ने बांके बिहारीजी की प्रतिकृति भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने उन्हें पुष्प देकर आशीष लिया। डॉ. लाहौरी ने रेणुका गोस्वामी के कृतित्व और व्यक्तित्व की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा कहा कि के.डी. डेंटल कॉलेज में नारी सशक्तीकरण के निरंतर प्रयासों का उद्देश्य शिक्षा-चिकित्सा में समान भागीदारी को प्रोत्साहन देना है। डॉ. लाहौरी ने कहा कि नैतिकता व्यक्ति के विकास में एक सीढ़ी के समान है, जिसके सहारे हम अपने जीवन में आगे बढ़ते हैं। नैतिक मूल्यों के अभाव में मनुष्य मानव जीवन को निर्थक बना देता है।
रेणुका गोस्वामी की जहां तक बात है, यह वृंदावन के प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता आचार्य पुंडरीक गोस्वामी महाराज की धर्मपत्नी हैं। इन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में ऑनर्स किया है। यह रोलर हॉकी में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रह चुकी हैं तथा दो मौकों पर इन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से बिजनेस मैनेजमेंट (मार्केटिंग) में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद 2020 में इन्होंने आचार्य पुंडरीक महाराज के मार्गदर्शन में निमाई पाठशाला की स्थापना की, जो ‘सूत्र’, ‘स्तोत्र’ और ‘शास्त्र’ के तीन सिद्धांतों पर केंद्रित एक ऑनलाइन स्कूल है। इस ऑनलाइन स्कूल से साप्ताहिक कीर्तन, आध्यात्मिक नाटक, स्वच्छता अभियान, वंचितों के लिए शिक्षा आदि कई पहलों से समाज में आध्यात्मिकता के प्रति चेतना लाई जा रही है।
रेणुका गोस्वामी ने के.डी. डेंटल कॉलेज की छात्राओं को बताया कि उनका लक्ष्य प्रत्येक घर में शास्त्रों को लाना है ताकि लोग वास्तविक दुनिया में मजबूत, आध्यात्मिक मजबूत जड़ों के साथ रह सकें और नैतिक जीवन जी सकें। वह इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी अपना संदेश और शिक्षाएं देती हैं। वह कई पॉडकास्ट में शामिल हो चुकी हैं। भारत की नेशनल रोलर हॉकी प्लेयर रह चुकी रेणुका गोस्वामी का स्पोर्ट्स से अध्यात्म तक का सफर बेहद खास रहा है।
निमाई पाठशाला द्वारा वह भारतीय संस्कृति को हर वर्ग के लोगों में समाहित करने का प्रयास कर रही हैं। भारतीय संस्कृति की अलख जगाती रेणुका गोस्वामी ने छात्राओं को बताया कि भारतीयता क्या है और क्यों जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें जीवन बेहतर बनाना है तो सभी स्तरों पर नैतिकता का पालन करना होगा क्योंकि ये मूल्य इतने सशक्त होते हैं कि यदि उनका शुद्ध अंत:करण से अनुपालन किया जाए तो वे शांति और समृद्धि का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम में डॉ. नवप्रीत कौर, डॉ. सुषमा, डॉ. नेहा, डॉ. रूपाली, डॉ. ज्योति, डॉ. निहारिका, डॉ. जुही, डॉ. प्रियंका, डॉ. अनुश्री, डॉ. पूजा, डॉ. अनामिका सहित बड़ी संख्या में परास्नातक छात्राएं उपस्थित रहीं।
चित्र कैप्शनः रेणुका गोस्वामी को सम्मानित करते हुए डीन और प्राचार्य डॉ. मनेश लाहौरी, दूसरे चित्र में छात्राओं के साथ रेणुका गोस्वामी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments