आगरा। यूपी के आगरा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर लड़कियों को फंसाने वाले युवक से पहले लिफ्ट महिला फिर उसे सबक सिखाया कि वह लहूलुहान हो गया और भविष्य लड़कियों को न फंसाने की चेतावनी दी है। घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया और महिला को हिरासत में ले लिया है।

गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने सोमवार देर रात 65 वर्षीय महिला ने युवक के सिर पर हथौड़े से प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। महिला लिफ्ट लेकर उसकी बाइक पर बैठी थी। हमले के बाद उसने कहा कि यह लड़कियों को फेसबुक पर फंसाने की सजा है। इसके बाद उसने बैग से मिर्च पाउडर और छुरा निकालकर कहा कि अगर तूने भागने की कोशिश की तो जान से हाथ धो बैठेगा।
पुलिस ने महिला को लिया हिरासत में
घटना के दस मिनट बाद पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और महिला को हिरासत में ले लिया। मौके पर जमा भीड़ के सामने घायल युवक ने बताया कि उसका नाम देवेंद्र है, वह मथुरा का निवासी है और अस्पताल में कंपाउंडर है। महिला ने उसे फोन कर बुलाया, इसलिए आ गया था। महिला ने पुलिस को बताया कि वह ग्वालियर की है
दो युवतियों की पीड़ा सुनने के बाद महिला ने उठाया कदम
देवेंद्र ने उसकी परिचित कई लड़कियों से फेसबुक पर दोस्ती कर उनकी जिंदगी बर्बाद की है। वह युवतियों के जज्बात से खेलता है। दोस्ती करता है, धोखे से बुलाता है, उसना शोषण करता है और छोड़ देता है। दो युवतियों ने उसे अपनी पीड़ा सुनाई तो उसने उसे सबक सिखाने का फैसला लिया।
महिला ने युवक से नाम बदलकर की थी बात
महिला ने बताया कि वह रविवार को ही आकर सिकंदरा के होटल में ठहर गई थी। युवक से नाम बदलकर बात कर रही थी। वह बातों में आ गया तो उसे मिलने के लिए बुला लिया। बताया कि देवेंद्र ने उसे मिलने के लिए आईएसबीटी पर बुलाया, वह चली गई। वहां उसे देखकर वह भागने लगा। बोला, वह तो उसे जवान और खूबसूरत समझकर आया था, बुजुर्ग से दोस्ती थोड़े ही करनी है।
महिला ने ये कहकर मांगी थी लिफ्ट
महिला ने बताया कि उससे कहा कि वह उसे सिकंदरा में छोड़ दे। उसने बाइक पर लिफ्ट दे दी। जैसे ही वह गुरुद्वारा के सामने पहुंचा, उस पर प्रहार कर दिया। उसे सबक सिखाया है ताकि किसी और के साथ ऐसा न करे। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा डॉक्टर है, एक रिश्तेदार मध्य प्रदेश में डीआईजी है। उसकी देवेंद्र से कोई रंजिश नहीं है, उसे तो सिर्फ सबक सिखाना था।
ये है पुलिस का कहना
सिकंदरा के थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि महिला ने बताया कि वह रविवार को ही आकर सिकंदरा के होटल में ठहर गई थी। युवक से नाम बदलकर बात कर रही थी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला से पूछताछ की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद ही कार्रवाई होगी