आगरा। अछनेरा के एक गांव में मां को जब अपनी बेटी की शादी रास नहीं आई तो उसने शादी रुकवाने के लिए फोन करके पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम से मदद मांगी। महिला ने कहा कि नाबालिग बेटी की शादी ससुरालीजन जबरन करा रहे हैं। इस पर पुलिस और चाइल्ड लाइन टीम पहुंची। मगर, शैक्षिक प्रमाणपत्र में दुल्हन बालिग निकली। इस पर शादी नहीं रुकवाई गई। इससे खफा मां शादी समारोह से चली गई। बाद में परिवार वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शादी की रस्म पूरी करके बेटी को विदा किया।
थाना अछनेरा के एक गांव में सोमवार दोपहर को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर महिला ने फोन किया। उसने बताया कि पति की मौत हो चुकी है। इसका फायदा उठाकर परिवार के लोग नाबालिग बेटी की शादी करा रहे हैं। दूल्हा 45 साल का है। उनकी नहीं सुनी जा रही है। गांव वाले भी उनका साथ दे रहे हैं। शादी को रुकवा दो।
चाइल्ड लाइन की समन्वयक ऋतु वर्मा ने बताया कि अछनेरा पुलिस के साथ उनकी टीम गांव गई थी। यहां पर शादी की तैयारी चल रही थी। अलीगढ़ से बरात आने वाली थी। जिस महिला ने शिकायत की थी, उससे बात की गई। उसने बताया कि बेटी 16 साल की है। उसकी जबरन शादी कराई जा रही है। शादी लड़की के ताऊ और बाबा करा रहे थे। उनसे बात की गई।
उन्होंने बताया कि बेटी 19 साल की है। मां किसी और युवक से शादी कराना चाहती है। बेटी को वह युवक पसंद नहीं है। इस पर उसकी शादी एक परिचित परिवार में ही करा रहे हैं। पुलिस टीम ने युवती के विद्यालय से शैक्षिक प्रमाणपत्र की कॉपी निकलवाई। इसमें वह बालिग निकली। इस पर मां को समझाया गया। मगर, मां तैयार नहीं थी। गांव के लोग भी परिवार के साथ थे। मां बाद में चली गई। इस पर परिवार के लोगों ने गांव वालों के साथ शादी की रस्म की। बेटी को विदा किया।