अरुण यादव की रिपोर्ट
वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीराम कुटी आश्रम के महंत की गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। 80 वर्षीय महंत का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आज इस केस में मथुरा कोर्ट में तारीख थी पुलिस ने महंत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीराम कुटी आश्रम के महंत पुरुषोत्तम दास फलाहारी महाराज एक शिष्य और एक अन्य व्यक्ति के साथ आश्रम में रहते थे। गुरुवार देर रात उनकी संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना पर आश्रम पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भतीजे आशुतोष ने अपने ताऊ महंत पुरुषोत्तम दास की हत्या होने की आशंका जताई है। उसने बताया कि उसके ताऊ प्रतिदिन की तरह रात को करीब दस बजे सोए थे और सुबह वह मृत पाए गए। उनके बाल बिखरे हुए थे। उनके मिले शव की मुद्रा भी सामान्य नहीं थी। उनको रात करीब 12 से दो बजे के बीच में किसी अज्ञात ने मारा है। उसने बताया कि जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। आज उसी विवादित मामले में कोर्ट में सुनवाई होनी थी। इससे पहले रात में ही महंत की मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार का कहना है कि महंत पुरुषोत्तम दास फलाहारी महाराज की मृत्यु की सूचना मिली थी। इस आश्रम पहुंची पुलिस ने महंत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉटम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।