आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर दुर्घटना में युवक पवन यादव की मौत और वबाल के बाद शनिवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव पीड़ित परिवार से गांव मिलने पहुंचे। यहां महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। पुलिस कार्रवाई के विरोध में महिला ने पूर्व मंत्री से कहा कि हमाये मोड़ाय पुलिस ते छुड़वाए देयो। रात कूं पुलिस उठा ले गई हैं।
इस दौरान प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल ने पुलिस पर ग्रामीणों का उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। पिछले दिनों खनन माफिया के ट्रैक्टर से गांव के पवन यादव की दुर्घटना में मौत हो गई थी। प्रसपा नेता ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए पुलिस से निर्दोषों की रिहाई की मांग की है। इस दौरान उनके साथ प्रसपा के नितिन कोहली समेत तमाम स्थानीय लोग मौजूद रहे।
31 दिसंबर 2020 को ताजगंज के गांव करभना निवासी पवन कुमार यादव की ट्रैक्टर पलटने पर मौत हुई थी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने चौकी फूंक दी थी, पथराव किया था। इस मामले में दो मुकदमे थाना ताजगंज में दर्ज किए गए। अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस जेल भेज चुकी है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस क्षेत्र के 12 गांव में दबिश दे रही है। मगर, आरोपी घरों से फरार हैं। अब आरोपियों की पहचान के लिए थाना ताजगंज और अन्य चौकियों पर पोस्टर चस्पा किए गए हैं। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टर बवाल के दौरान लिए गए फोटो के बनाए गए हैं। इसके पीछे मकसद है कि आरोपियों की पहचान हो सके।