नई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति रतन टाटा ने सोशल मीडिया पर उनको भारत रत्न देने के मांग कर रहे लोगों से इस अभियान को बंद करने का आग्रह किया है। टाटा ने कहा है कि वह भारतीय होने पर खुद को भाग्यशाली मानते हैं और उन्हें देश की वृद्धि और समृद्धि में योगदान देने पर खुशी होगी।
100 अरब डॉलर से अधिक के टाटा समूह के मानद चेयरमैन ने सोशल मीडिया के प्रयोगकर्ताओं से उनके लिए भारत रत्न की मांग के अभियान को रोकने को कहा है। सोशल मीडिया पर अभियान के जरिये सरकार से टाटा को देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान देने की मांग की जा रही है।
टाटा ने ट्वीट किया, ‘‘मैं सोशल मीडिया पर यह अभियान चलाने वाले एक वर्ग की भावनाओं का सम्मान करता हूं। मैं उनसे विनम्रता से आग्रह करता हूं कि इस तरह के अभियान को रोका जाए।”