मथुरा। बलदेव के समीप नगला संजा गांव में विवाहिता गंभीर रुप से घायल हो गई। विवाहिता को जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। विवाहिता ने अपने ससुरालिजनों पर मारपीट करने का आरोप लगाया और पुलिस से शिकायत की है।
मथुरा के जिला महिला चिकित्सालय के महिला वार्ड में उपचार करा रही पीड़िता अर्चना ने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि नगला संजा गांव निवासी एक व्याक्ति के साथ लगभग 10 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। तभी से पति, देवर और सास के द्वारा उसको प्रताडित किया जा रहा है। शादी के बाद से ही विवाहिता अपने मायके में रह रही थी। पिछले कुछ दिनों से ससुरालिजनों से राजीनामा होने के बाद उसे पति गांव नगला संजय ले गया। लेकिन जैसे ही कुछ दिन गुजरे फिर से मारपीट करना शुरु कर दिया।
विवाहिता का कहना है कि पति पुलिस विभाग में कार्यरत है और पुलिसिया अंदाज में धमकी देता है। विवाहिता ने यह भी बताया है कि पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध हैं। पुलिस में शिकायत करने के बावजूद भी अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है।