लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दावा किया है कि प्रदेश में सम्पन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी का संतोषजनक प्रदर्शन रहा है। जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी के 270 जिल पंचायत के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। 571 सीटों पर जिला पंचायत के कांग्रेस प्रत्याशी जहां दूसरे स्थान पर रहे वहीं 711 सीटों पर कांग्रस प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे।
यूपी के कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि यूपी में बड़े पैमाने पर कांग्रेस पार्टी के न्याय पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों के नेतृत्व में भारी संख्या में ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव पार्टी के कार्यकर्ता जीते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांगे्रस महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में न्याय पंचायत, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक संगठन का मजबूती के साथ निर्माण किया गया है। उसी का नतीजा है कि आज सुखद परिणाम देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गांव, खेत, खलिहान, नौजवान, कानून व्यवस्था और कोरोना जैसे गंभीर विषयों पर कांग्रेस पार्टी ने जो लड़ाई लड़ी है उसके सुखद परिणाम आने शुरु हो गए हैं। उन्होंने पूरा भरोसा और विश्वास जताया है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधीजी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की जनता का विश्वास एवं आशीर्वाद प्राप्त होगा।