मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 117 पर यात्रियों की भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 24 यात्री घायल हो गए। इनमें से 8 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि मौका पाकर बस ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए। घायलों को जिला अस्पताल एवं क्षेत्रीय निजी अस्पताल में पहुंचाया जा रहा है।
महावन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 117 पर यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही बस का ड्राइवर और कंडक्टर भाग गए। चीख पुकार मचने लगी। बस में करीब 150 यात्री सवार बताए जा रहे है। इनमें दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हंैं। एक दर्जन से अधिक यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

मथुरा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जिला अस्पताल में अभी तक 17 घायलों को एडमिट कराया गया है। अभी एम्बुलेंस के जरिए और घायल भी आ रहे हैं। इसके अलावा यमुना पार थाना क्षेत्र के निजी अस्पतालों में घायलों को एडमिट किया गया है।

यह डबल डेकर यात्रियों से भरी बस बिहार के दरभंगा से 20 जून की शाम करीब चार बजे दिल्ली के लिए चली थी। बस में अधिकांश मजदूर सवार थे। जो कि लॉकडाउन में ढिलाई होने पर बिहार से दिल्ली मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर शराब के नशे में था। इसी कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। ज्ञात हो कि इससे पहले सात दिन पूर्व भी यमुना एक्सप्रेस वे पर राया के समीप एक डबलडेकर बस अनियंत्रित होकर दुर्घटना ग्रस्त हो गई थी। इस घटना में भी एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे।
एसपी ग्रामीण श्रीश्चन्द्र का कहना है कि डबल डेकर यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 117 पर पलट गई है। बस का चालक और परिचालक भाग गए हैं। बस में करीब 80 यात्री थे। इनमें से करीब 18 यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से करीब 8 लोगो की हालत गंभीर है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।