मथुरा। सदर थाना में शुक्रवार की रात को अचानक हैड कांस्टेबल की तबियत बिगड़ गई। पुलिसकर्मी रात को ही जिला अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हैड कांस्टेबल का चार दिन पहले ही थाने से पुलिस लाइन ट्रांसफर हुआ था। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है। इस घटना से थाने के सभी पुलिसकर्मी स्तब्ध है।
जानकारी के मुताबिक सदर बाजार थाना के बैरक में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे हेड कॉन्स्टेबल रामसेवक (54 वर्ष) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में हेड कांस्टेबल को जिला अस्पताल ले गए और उसके परिजनों को भी सूचित कर दिया। अस्पताल में रामसेवक की हालत बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हेड कांस्टेबल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
हेड कांस्टेबल रामसेवक बाकलपुर निधौली कलां जिला एटा का रहने वाला था। यह पिछले लगभग 2 साल से मथुरा में तैनात था। सदर बाजार थाना में हेड कांस्टेबल के पद पर तेनात रामसेवक का चार दिन पहले ही थाने से पुलिस लाइन में ट्रांसफर हुआ था।
पोस्टमार्टम गृह पर मौजूद मृतक रामसेवक के परिजनों ने बताया कि अभी कुछ भी कह पाना उचित नहंी होगा कि उनकी मृत्यु किन कारणों से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।