मथुरा। हाईवे स्थित ऊषा एंक्लेव कालोनी के लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। कालोनी में सैकड़ों घरों के ऊपर से एक नहीं बल्कि दो विद्युत हाईटेंशन लाइन जा रही है जिन्हें लेकर हमेशा जान का खतरा बना रहता है। इन विद्युत लाइन के कारण कालोनी में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। विद्युत अधिकारी लगातार लोगों की इस बड़ी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में विद्युत अधिकारियों के प्रति रोष व्याप्त है।
ऊषा एंक्लेव कालोनी निवासी हरिचरन का कहना है कि घरों के ऊपर से 33 हजार केवीए की हाईटेंशन लाइन जा रही है। उसके नीचे 11 हजार केवीए की हाईटेंशन लाइन जा रही है। इन लाइनों के कारण घरों में रह रहे लोग भयभीत है। उन्हें हर पाल अपनी जान का खतरा बना रहता है।
किशन चौधरी का कहना है कि कालोनी में विद्युत लाइनों का जंजाल सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। घरों के ऊपर झूलते विद्युत तारों के कारण लोग अपने घरों की छतों पर भी जान से कतराते हैं। स्पार्किंग होती रहती है। बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। इस संबंध में कई बार विद्युत अधिकारियों को अवगत कराया है। लेकिन वह अनसुनी कर रहे हैं।
गोपाल शर्मा का कहना है कि विद्युत लाइनों के कारण आए दिन घटनाएं होती रही है। दो दिन पहले पड़ौस में एक भैंस की मौत हो गई जबकि एक महिला भैंस को बचाने के चक्कर में बाल-बाल बची है। इस तरह विद्युत से दुर्घटनाएं आम हो चली है। लेकिन कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
हरिहर शर्मा का कहना है कि जिले के ऊर्जा मंत्री होने के बावजूद यहां के लोग विद्युुत से जुड़ी समस्या से जूझ रहे हैं। इससे विद्युत अव्यवस्था की बदहाली का अंजादा लगाया जा सकता है। कोई भी अधिकारी कालोनीवासी की बड़ी समस्या को सुनने वाला नहीं है। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी बड़ी हो जाती है।