हैदराबाद। चिकित्सा की दुनिया में एक बड़ी चौकाने वाली घटना सामने आई है। एक मरीज का दिल का इलाज करने वाले डॉक्टर की हार्टअटैक से मौत हो गई। इतना ही नहीं डॉक्टर के साथ ही हार्ट का इलाज करानेआए मरीज की भी उसी समय मौत हो गई। इस घटना को देख हर कोई चकित रह गया।
कामारेड्डी जिले में रविवार को दिल का दौरा पड़ने से एक डॉक्टर और उसके मरीज की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक, सीने में गंभीर दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती हुए 48 वर्षीय मरीज के. जग्या नाइक का इलाज करने के दौरान डॉक्टर डी. लक्ष्मण गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना गांधारी के एक निजी नर्सिंग होम में हुई।
डॉक्टर के दिल में पहले से ही स्टेंट था। जमीन पर गिरने के साथ ही डॉक्टर की मौत हो गई। इसके तुरंत बाद इलाजरत मरीज को निजामाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। डॉ. लक्ष्मण निजामाबाद सरकारी अस्पताल में सहायक प्रोफेसर थे और गांधारी में एक निजी क्लिनिक भी चला रहे थे। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान ले जाया गया।