Saturday, March 15, 2025
Homeन्यूज़न्यूज़सीएम योगी ने कृष्ण भक्त रसखान एवं ताजबीवी की समाधि स्थल पर...

सीएम योगी ने कृष्ण भक्त रसखान एवं ताजबीवी की समाधि स्थल पर दी पुष्पांजलि

  • विधवा आश्रम की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर स्वालम्बन बनाया जाये
  • रसखान समाधि पर सप्ताह मंे एक बार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाये
  • यमुना के प्रदूषण को रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाये
  • तीर्थ विकास परिषद की योजनाओं को पूर्ण करने के लिए संबंधित विभाग एनओसी समय से दें

मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रसखान समाधि एवं ताज बीवी की समाधि पर पुष्प अर्पित करने के पश्चात उत्तरप्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद की पंचम बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिये कि विभिन्न आश्रमों में रहने वाली विधवाओं को सरकारी योजनाओं एवं अन्य कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें स्वाबलम्बी बनाया जाये।
उन्होंने रसखान समाधि देखने के पश्चात ब्रजतीर्थ विकास परिषद द्वारा किये गये कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे स्थान पर सप्ताह में एक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाये, जिससे आमजन रसखान की समाधि की ओर और आकर्षित हों।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित सभी प्रमुख सचिवों को निर्देश दिये कि इस प्रकार योजनाओं को बनाया जाये, जिससे ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका तथा नगर निगम स्वयं आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रत्येक निर्माण योजना में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये, साथ ही जो समयबद्धता दी गई है उसी समय में कार्य को पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि कार्य लेट होने के कारण लागत बढ़ जाती है और आम आदमी भी उस योजना का लाभ समय पर नहीं ले पाता है। उन्होंने निर्देश दिये कि ब्रज क्षेत्र को अपनी पौराणिक अवस्था एवं अपनी संस्कृति से जुड़े रहने के लिए ऐसे पौधों को लगाया जाये, जो हमारी विरासत में हैं। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि यमुना प्रदूषण को रोकने के लिए किये जा रहे सभी कार्यों को एक योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाये, जिससे यमुना साफ सुथरी और निर्मल दिखाई दे।

सांसद ने दिए यह सुझाव
मुख्यमंत्री को सांसद हेमा मालिनी ने अलग-अलग क्षेत्र में फूडजोन बनाये जाने, श्रीकृष्ण की थीम पर पार्क बनाये जाने, बंसीवट के अधिक से अधिक पेड़ लगाये जाने का सुझाव दिया। विधायक सदर श्रीकान्त शर्मा ने इस प्रकार की योजना बनाने की बात कही, जिससे हमारी बिरासत को संजोया जा सके। विधायक बल्देव पूरन प्रकाश ने अतिक्रमण हटाने, यमुना की सफाइ, भगवान श्रीकृष्ण के चित्रों को ऊपर की तरफ बनाने, ओवरब्रिज तथा अण्डरपासों से विज्ञापन हटाने तथा तीर्थ विकास परिषद की योजनाओं में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने की बात कही।

गोवर्धन क्षेत्र में खारी पानी की समस्या उठाई गई
विधायक गोवर्धन ठा. मेघश्याम सिंह ने खारा पानी की समस्या को उठाया। साथ ही वन विभाग की खाली पड़ी भूमि पर बृहद मात्रा में वृक्षारोपण करने की बात कही। विधायक मांट राजेश चौधरी ने पुल के दोनों ओर पार्किंग बनाने और मांट में एक अच्छा अस्पताल बनाने की मांग रखी। एमएलसी ओमप्रकाश सिंह ने ब्रज को और अधिक आकर्षित बनाने के लिए सुझाव दिये। जिस पर मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र में किए जाने वाले विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिये। साथ ही जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी माह में एक बार जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करें। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि अपनी पूर्ण इच्छाशक्ति के साथ कार्य करें, तभी कार्य में सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने पौराणिक धर्म स्थलों पर लाइटिंग करने के भी निर्देश दिये, जिससे वह और अधिक आकर्षित लगें। बैठक में मुख्यमंत्री जी ने ब्रजतीर्थ विकास परिषद की किताब-संस्कृतिक धरोवर एवं कुम्भ नामक पुस्तक का विमोचन किया।

ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों पर हुआ मंथन
ब्रज ब्रजतीर्थ विकास परिषद की 5वीं बोर्ड बैठक में मथुरा जनपद में गोवर्धन कनेक्ट परियोजना के अन्तर्गत गोवर्धन पर्वत से एनएच-2 को जोड़ने का प्रस्ताव दिया। इसके साथ ही विभिन्न मार्गों द्वारा एनएच-2 को जोड़ने का प्रस्ताव रखा। प्रस्तावित मार्ग की कुल लम्बाई 48 किमी तथा अनुमानित लागत रूपए 849.95 करोड़ रखी गई। इसके साथ ही मथुरा वृन्दावन रेल बस मार्ग के स्थान पर यातायात के वैल्पिक साधन विकसित करने, मथुरा जनपद में सिटी फोरेस्ट सौभरिवन की परियोजना, पर्यटन पुलिस थाने की स्थापना, उत्तरप्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद की परियोजनाओं के कार्यों को संपादित कराये जाने हेतु मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था नामित किये जाने, वृन्दावन गीता शोध संस्थान एवं रामलीला अकाडमी, ग्राम पारसौली में सूर अकादमी की स्थापना, परिषद को एफसीआरए के अन्तर्गत पंजीकृत कराने, यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा जनपद मथुरा में राया अर्बन रोड़ विकसित किये जाने, विधवा महिलाओं एवं निराश्रित बच्चों के पुनर्वास कराने के साथ अन्य योजनाओं पर भी विचार विमर्श किया गया।

वृंदावन में होंगे ये सुधार कार्य
बैठक में प्रस्तावित कार्य में भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय प्रजातियों के 08 लाख पौधे लगाने, वृन्दावन स्थित कुम्भ क्षेत्र में केशीघाट से कुम्भ द्वार तक परिक्रमा मार्ग के किनारे फैंसिग का कार्य, गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र में स्थित कुण्डों, सरोवरों, वनक्षेत्रों में जलापूर्ति की व्यवस्था करने, गोवर्धन में बड़ी व छोटी परिक्रमा मार्ग पर सुव्यवस्थित पेयजल हेतु वॉटर लाइन, टीटीएसपी बूथ के कार्य के संचालन एवं रख रखाव के कार्य, ग्राम भद्रवन बांगर स्थित प्राचीन हनुमान मन्दिर प्रांगण के विकास एवं सौन्दर्यीकरण, तीर्थ यात्रा पड़ाव हॉल बनाने, तहसील मांट के ग्राम डडीसरा स्थित नारद कुण्ड का पुर्नविकास एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य, पिरसुआ कुण्ड का पुर्नविकास एवं सौन्दर्यीकरण का विकास के साथ अनेक कार्यों पर चर्चा की गई। जिसकी कुल लागत रू0 4826.40 लाख की परियोजनाओं को अवलोकनार्थ एवं अनुमोदनार्थ प्रस्तुत किया गया, जिनको अनुमोदन किया गया।

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, उत्तरप्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्र, अपर मुख्य सचिव पर्यावरण, अपर मुख्य सचिव वित्त, प्रमुख सचिव पर्यटन, प्रमुख सचिव आवास, प्रमुख सचिव लोक निर्माण, प्रमुख सचिव नगर विकास, प्रमुख सचिव सिंचाई, आयुक्त आगरा मण्डल अमित गुप्ता, आईजी राजीव कृष्ण, डीआईजी नचिकेता झा, महापौर डॉ. मुकेश आर्यबन्धु, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, उपाध्यक्ष एवं सीईओ नगेन्द्र प्रताप, नगर आयुक्त अनुनय झा, प्रबंधक निदेशक परिवहन आरपी सिंह, यमुना एक्सप्रेस वे के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला अध्यक्ष मधु शर्मा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सीएम योगी ने मंदिरों में किए प्रभु दर्शन
बैठक से पहले मुख्यमंत्री द्वारा प्रातः काल श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर पहुॅचकर गर्भग्रह के दर्शन किये तथा श्रीकृष्ण भगवान के समक्ष विधिवत पूजा अर्चना की। मंहत द्वारा माला पटुका पहना कर स्वागत एवं सतकार किया गया। रसखान समाधि के पश्चात मुख्यमंत्री ने लाडली राधारानी मन्दिर बरसाना गये, वहां उन्होंने श्री राधारानी की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मन्दिर के मंहत द्वारा मुख्यमंत्री को श्री राधारानी की चुनरी एवं प्रसाद भेंट किया गया। पूजा अर्चना में मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन एवं सांस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, गन्ना विकास एवं चीनी मिलें चौधरी लक्ष्मी नारायण, उत्तरप्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्र ने भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। श्री राधारानी के दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री विनोद बाबा के आश्रम गये जहां भेंटवार्ता करने के पश्चात रवाना हो गये।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments